Breaking News

खेत में मिली प्रधान की बुजुर्ग मां की जली लाश, इलाके में सनसनी

– शरीर के ऊपरी हिस्से को केमिकल डालकर किया क्षत-विक्षत, रात में हत्या की आशंका
– एसपी बोले- हर एंगल से जांच जारी, जल्द होगा घटना का खुलासा
– मृतका की फाइल फोटो।
फतेहपुर। जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के रामनगर किसोई गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक वृद्ध महिला का क्षत-विक्षत व जला शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी खागा सहित फील्ड यूनिट और उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की गई। मृतका की पहचान गांव के ग्राम प्रधान अजीत सिंह यादव की 75 से 80 वर्षीय मां के रूप में हुई। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला के शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई ज्वलनशील पदार्थ या केमिकल डालकर उसे बुरी तरह झुलसा दिया, जिससे शव का चेहरा और ऊपरी हिस्सा पूरी तरह विकृत हो गया। पुलिस के अनुसार शव लगभग 10 से 12 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है और प्रथम दृष्टया घटना देर रात की लग रही है। शव खेत में पड़े होने के कारण आसपास घूमने वाले जानवरों ने भी शरीर के कुछ हिस्सों को क्षत-विक्षत कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वृद्ध महिला को आखिरी बार शनिवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव के कुछ लोगों ने देखा था। बताया जा रहा है कि वह घास लेने के लिए निकली थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। महिला पिछले कुछ समय से अपने बेटे ग्राम प्रधान अजीत सिंह यादव के घर से अलग होकर गांव में ही अपने भाई के यहां रह रही थीं। उनके भाई का घर ग्राम प्रधान के घर से करीब 200 से 300 मीटर दूरी पर स्थित है।

घटना की हर एंगल से हो रही जांच: एसपी: फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि आज सुबह ग्राम प्रधान रामनगर किसोई द्वारा सूचना दी गई कि खेत में एक डेड बॉडी पड़ी हुई है। सूचना पर थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस और क्षेत्राधिकारी खागा मौके पर पहुंचे। पहचान कराने पर शव ग्राम प्रधान अजीत सिंह यादव की वृद्ध मां का निकला। शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि किसी केमिकल या ज्वलनशील पदार्थ का प्रयोग किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।

संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस: पुलिस अभी इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा रही। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही।

About NW-Editor

Check Also

एसपी ने ललौली थाने में की जनसुनवाई

– शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश – ललौली थाने में जनसमस्याएं सुनते एसपी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *