Breaking News

पहाड़पुर की सड़क बनी दलदल, कीचड़ में जीने को मजबूर ग्रामीण

– दलदल बनी सड़क का दृश्य।
खागा, फतेहपुर। तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर घोष पंचायत अंतर्गत पहाड़पुर गांव में बदहाल सड़क व्यवस्था ने विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है। गांव की मुख्य सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। सड़क पर फैली कीचड़, जलभराव और गंदगी से ग्रामीणों का जीवन बेहाल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नाली निर्माण न होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। हालत यह है कि पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो चुकी है। राहगीरों को रोजाना बदबू, फिसलन और गंदगी के बीच होकर गुजरना पड़ता है। बरसात से पहले ही हालात इतने खराब हैं तो बारिश के मौसम में स्थिति और भयावह होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत में विकास कार्य निष्पक्ष तरीके से नहीं कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि जहां वोट बैंक मजबूत रहा, वहीं विकास पहुंचा, जबकि पहाड़पुर गांव को पूरी तरह नजरंदाज कर दिया गया। गांववासियों में इसको लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क और नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है। अब 26 मई को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ग्रामीणों की उम्मीदें प्रशासनिक अधिकारियों पर टिक गई हैं। गांववासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और नाली निर्माण कराकर लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत दिलाई जाए। इस मामले में खंड विकास अधिकारी अशोक सिंह ने कहा कि जानकारी मिली है, जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण

– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प – पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी। फतेहपुर। देशव्यापी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *