Breaking News

चोरों के गैंग का खुलासा, बंद मकानों में चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार

– राधानगर-खागा की चर्चित चोरी की घटनाओं का खुलासा
– लाखों के जेवर, नगदी, बाइक व मोबाइल बरामद
– पुलिस टीम की हिरासत में चोरों का गैंग।
फतेहपुर। जनपद में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोरों के गैंग का थाना राधानगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन, बाइक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह के एक अन्य फरार सदस्य की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में राधानगर थाना पुलिस ने प्रभावी सुरागरसी और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सथरियांव रेलवे अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सलीम उर्फ सलमान उर्फ राजू निवासी शांतीनगर थाना कोतवाली, ऋषभ यादव निवासी देवीगंज थाना राधानगर व योगेश कुमार गुप्ता उर्फ नितिन निवासी देवीगंज थाना राधानगर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक बीती 16 मई को थाना राधानगर क्षेत्र के मदरियापुर में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए गए थे। पीड़िता अन्नू ने पुलिस को बताया था कि वह दिल्ली में रहती हैं और अपने जेवर मायके में सुरक्षित रखे थे। परिवार के गांव से बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना राधानगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसी तरह थाना खागा क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई चोरी की घटना का भी पुलिस ने खुलासा किया है। खागा निवासी विनय कुमार सोनी परिवार सहित चित्रकूट गए थे, तभी चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी का माल बेचकर आरोपियों ने रुपये आपस में बांट लिए थे। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी कमल जोशी के साथ शहर और ग्रामीण इलाकों में घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। रात में सुनसान मकान मिलने पर ताला तोड़कर चोरी करते और चोरी के जेवरात सुनार योगेश कुमार गुप्ता को बेच देते थे। योगेश चोरी के जेवर गलाकर कानपुर के दलालों के माध्यम से बाजार में खपाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के कई जेवरात, 10 जोड़ी बिछिया, पायल, बच्चों के कड़े, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, लोहे का सब्बल व एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलीम उर्फ सलमान पहले भी चोरी, शस्त्र अधिनियम और अन्य मामलों में कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर लाल श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक चन्द्रिका यादव, सत्येन्द्र कुमार, अखिलेश पाण्डेय, लालबहादुर पाल सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस फरार आरोपी कमल जोशी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

About NW-Editor

Check Also

वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण

– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प – पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी। फतेहपुर। देशव्यापी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *