Breaking News

पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्त को बंधक बनाया, बेल्ट-पट्टों से पीटकर 20 हजार छीने, 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

 

महोबा। शहर के भटीपुरा इलाके में एक युवक को पार्टी के बहाने प्लाट पर बुलाकर बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने दोस्त समेत कई लोगों पर 20 हजार रुपये छीनने और जमीन के बदले दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

गांव डहर्रा निवासी वीरेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसका दोस्त सत्यम अपने साथी धर्मेंद्र और तीन अज्ञात लोगों के साथ उसे भटीपुरा मौजा स्थित एक प्लाट पर पार्टी के बहाने लेकर गया था। पीड़ित के मुताबिक, वहां उसे शराब पिलाई गई और बाद में उसका मोबाइल छीनकर कमरे में बंधक बना लिया गया।

 

वीरेंद्र का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 20 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद जमीन के नाम पर दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। रुपये देने से इनकार करने पर उसके साथ बेल्ट और पट्टों से मारपीट की गई।

 

पीड़ित के अनुसार, करीब छह घंटे तक उसके साथ मारपीट और पैसे देने का दबाव बनाया जाता रहा। रविवार रात करीब आठ बजे वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा। इसके बाद उसने अपने परिवार और डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी।

 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वीरेंद्र को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। सोमवार को पीड़ित ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

सदर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

डीएम प्रभास कुमार ने निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

महोबा जिलाधिकारी ने सोमवार को जनपद में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *