Breaking News

सुबह-सुबह बंगाल में बवाल ! अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के एक बड़े दल ने शनिवार तड़के तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंचकर राजनीतिक हलकों में नयी अटकलों को जन्म दे दिया। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब अभिषेक बनर्जी विभिन्न मामलों में चल रही जांचों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुलिस दल शनिवार तड़के करीब तीन बजे पतुआपाड़ा स्थित आवास पर पहुंचा। उनके साथ केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद थे, जिन्हें घर के बाहर तैनात रखा गया था।

सूत्रों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक घर के लोगों को आवाज लगायी और इंतजार करने के बाद उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति मिली। सूत्रों के अनुसार, दल में शालबनी थाने के अधिकारी भी शामिल थे। महिला पुलिसकर्मी भी पुलिस टीम का हिस्सा थीं। पुलिस किस मामले के सिलसिले में अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आवास के बाहर कई पुलिस वाहन खड़े रहे और अधिकारी चार घंटे से अधिक समय तक परिसर के भीतर मौजूद रहे।

दो दिन पहले CID ने की थी पूछताछ

सुबह सात बजे के बाद कुछ अधिकारी बाहर निकले और आपस में चर्चा करने के बाद फिर आवास के भीतर चले गये। यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है, जब दो दिन पहले ही पश्चिम बंगाल विधानसभा से जुड़े कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने अभिषेक बनर्जी से भवानी भवन में साढ़े पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर वह गुरुवार शाम जांचकर्ताओं के समक्ष उपस्थित हुए थे। देर रात पूछताछ समाप्त होने के बाद अभिषेक बनर्जी कालीघाट स्थित पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास गये थे। उच्च न्यायालय ने उनकी संरक्षण याचिका पर सुनवाई के दौरान सीआईडी को दो सप्ताह तक उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया था। न्यायालय ने उन्हें जांच में सहयोग करने को कहा था।

शक्रवार को CID भी पहुंची थी अभिषेक बनर्जी के घर

इस बीच, शुक्रवार को सीआईडी अधिकारियों ने एक अलग साइबर शिकायत के सिलसिले में भी अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास का दौरा किया था। यह शिकायत साल्ट लेक में उनके कथित बयान को लेकर दर्ज कराई गयी थी। जांचकर्ता उन्हें 16 जून को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस देने गये थे। उस समय अभिषेक बनर्जी घर पर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण अधिकारियों को उनके लौटने तक कई घंटे इंतजार करना पड़ा। बाद में उन्हें नोटिस तामील कराया गया। अभिषेक बनर्जी को 16 जून को साइबर मामले में पूछताछ के अलावा कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में भी 14 जून को सीआईडी के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।

अभिषेक बनर्जी को ईडी ने 15 जून को किया तलब

इसके अतिरिक्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में उन्हें 15 जून को तलब किया है। शनिवार की इस पुलिस कार्रवाई ने विशेष रूप से शालबनी थाने के अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर नये सवाल खड़े कर दिये हैं। कालीघाट थाने के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस अथवा जांच एजेंसियों की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अभिषेक बनर्जी के आवास पर की गयी ताजा कार्रवाई किस शिकायत या मामले से संबंधित है।

About NW-Editor

Check Also

इंदिरा भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की अहम बैठक, संगठन और रणनीति पर मंथन

रायपुर/दिल्ली। इंदिरा भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक के बारे में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *