Breaking News

फतेहपुर में अपराध पर शिकंजा: 28 संवेदनशील इलाकों में पुलिस का बढ़ेगा पहरा, एक सप्ताह में लगेंगी चौकियां

फतेहपुर। चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब संवेदनशील इलाकों में अपना पहरा और मजबूत करने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 28 नए हॉटस्पॉट चिह्नित कर वहां एक सप्ताह के भीतर अस्थायी पुलिस चौकी अथवा चेक पोस्ट स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन स्थानों पर दिन-रात नियमित पुलिस गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि चिह्नित हॉटस्पॉट पर पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए कि अपराध करने की फिराक में रहने वाले लोगों को लगातार पुलिस की मौजूदगी का एहसास होता रहे।

एसपी ने निर्देश दिया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में केवल चोरी और लूट की घटनाओं पर ही नजर न रखी जाए, बल्कि अवैध शराब और गांजे की बिक्री व तस्करी, जुआ तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को भी पूरी तरह रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई करे।

उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक हॉटस्पॉट पर नियमित गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को भी मजबूत किया जाए। किसी भी कीमत पर लापरवाही न बरती जाए और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिह्नित सभी 28 हॉटस्पॉट पर एक सप्ताह के अंदर अस्थायी पुलिस चौकी/चेक पोस्ट स्थापित की जाए। अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में खेत में मिला रोड रोलर चालक का शव, कई दिनों से था लापता; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के अकबर खेड़ा गांव में शनिवार सुबह खेत में रोड रोलर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *