Breaking News

दुष्कर्म के बाद पेड़ से लटका मिला 19 वर्षीय युवती का शव, शरीर पर चोटों के मिले निशान; जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मानिकपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक 19 साल की युवती का शव संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिला है. युवती के शरीर पर चोट और दांत से काटने के निशान पाए जाने से दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है. इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

सुबह आम के बाग में दिखा शव 

यह घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र की है. रविवार सुबह करीब सात बजे गांव के एक व्यक्ति ने युवती का शव आम के बाग में पेड़ से लटका देखा. यह स्थान उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर है. सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों को इसकी जानकारी दी गई.

मां की हालत देख आंखों में आंसू

मौके पर पहुंची मां अपनी बेटी की हालत देखकर बेसुध हो गई. परिवार का रो‑रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी. परिजनों ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि युवती को रात में किसी ने बहला‑फुसलाकर घर से बाहर बुलाया. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे.

कपड़े और चप्पल शव से दूर मिले 

घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर युवती के अंडरगारमेंट्स और चप्पल बरामद हुई हैं. इसके अलावा शव पर खरोंच, अंदरूनी चोट और दांत से काटने के निशान मिलने की बात सामने आई है. इन संकेतों ने इस मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और साक्ष्य जुटाए गए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पुलिस का बयान: हर पहलू से होगी जांच

सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजन और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *