Breaking News

ओबीसी अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग तेज, डीएम को सौंपा मांगपत्र

– पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की उठाई मांग
-डीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए खड़े शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी।
फतेहपुर। 68500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने सोमवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 09 जुलाई के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने आयोग के निर्देशों का तत्काल पालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे घनश्याम गुप्ता ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपने 09 जुलाई के आदेश में 68500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने तथा आरक्षण संबंधी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने अपने पूर्व में दिए गए 05 अगस्त 2022 के आदेश पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है, लेकिन अब तक आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग का यह आदेश सामाजिक न्याय और संविधान में प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार को बिना किसी विलंब के आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देनी चाहिए तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अभ्यर्थियों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब जबकि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं, ऐसे में सरकार को तत्काल उनका अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि आयोग के आदेश का शीघ्र पालन नहीं किया गया तो अभ्यर्थी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मौके पर अभ्यर्थियों में नीरज सिंह, आभा सिंह, रूबी देवी, प्रभाकर सिंह, हरिशंकर दयाल आदि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में किशोरियों को स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

– निशान वेलफेयर सोसाइटी का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न प्रशिक्षण में भाग लेतीं सोसाइटी की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *