Breaking News

धूल भरी आंधी का कहर, दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज

– पेड़ों की डालियां टूटीं, आम की फसल को नुकसान
– अचानक आई आंधी से बाजारों में मची अफरा-तफरी
– शहर में आई आंधी का दृश्य।
फतेहपुर। बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने ऐसी करवट बदला कि तेज धूल भरी आंधी ने पूरे जनपद को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आसमान धूल के गुबार से भर गया और तेज हवाओं के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो उठा। आंधी के चलते जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने भारी नुकसान भी पहुंचाया। बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार आंधी के कारण कई पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, जबकि आम की फसल को भी काफी क्षति पहुंची है। तेज हवा के झोंकों से बागों में बड़ी मात्रा में कच्चे आम जमीन पर गिर गए, जिससे किसानों और बाग मालिकों की चिंता बढ़ गई है। शहर क्षेत्र में भी आंधी का व्यापक असर देखने को मिला। सड़क किनारे तिरपाल और टीन की चादरों के सहारे दुकानें व अस्थायी ठिकाने बनाए हुए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर टीन शेड और तिरपाल हवा में उड़ गए, जिससे लोगों को सामान समेटने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी। अचानक उठी तेज आंधी से बाजारों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीर और दुकानदार सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। धूल के गुबार के कारण कुछ देर तक सड़कों पर दृश्यता भी प्रभावित रही। मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि बदलते मौसम के कारण अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।

आंधी में किशोर समेत तीन की मौत, तीन घायल
फतेहपुर। बुधवार दोपहर बाद आए तेज आंधी-तूफान ने हथगाम थाना क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग गांवों में दीवार और पेड़ गिरने की घटनाओं में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद गांवों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
थाना गाजीपुर क्षेत्र के डुडरा गांव निवासी 15 वर्षीय ऋतिक गौतम पुत्र विजय बहादुर गौतम की कासिमपुर कटरा गांव में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि ऋतिक अपनी मां कविता के साथ ननिहाल आया हुआ था। तेज आंधी के दौरान पड़ोसी के मकान से ईंट गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ऋतिक तीन भाइयों में मंझला था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर, हथगाम थाना क्षेत्र के संवत गांव में 14 वर्षीय ननकी देवी पुत्री रामसुमेर पाल की दीवार गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि किशोरी घर के बाहर गेहूं सुखा रही थी। इसी दौरान बिना छत वाली कच्ची दीवार तेज हवा के दबाव में भरभराकर गिर पड़ी और वह उसके नीचे दब गई। परिजन दौड़कर पहुंचे और दीवार हटाई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चल्थरा गांव में भी आंधी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव निवासी करीब 65 वर्षीय उमैरा बेगम पत्नी स्वर्गीय अहमद अली तेज तूफान के समय मकान की तीसरी मंजिल पर थीं। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे दूसरी छत पर जा गिरीं। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामपुरमून गांव में पांच वर्षीय अमन पुत्र वीरेंद्र दीवार गिरने से घायल हो गया। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मनमोहनपुर गांव निवासी करीब 70 वर्षीय वासुदेव खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज हवा से पेड़ की डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। इसी तरह समापुर गांव निवासी 55 वर्षीय चंद्रकेश आम बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान पेड़ की डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। उनका इलाज सीएचसी में चल रहा है। आंधी-तूफान से क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ और दीवारें गिर गईं। ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। हादसों के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है।

About NW-Editor

Check Also

लाभार्थियों को मिली निःशुल्क पापकार्न व दोना पत्तल मशीन

– जिला पंचायत सदस्य रिंकू लोहारी ने सरकार की योजनाओं को गिनाया – लाभार्थियों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *