Breaking News

भाजपा की शक्ति केंद्र बैठकों में संगठन को धार देने पर जोर

जिलाध्यक्ष बोले बूथ ही पार्टी की असली ताकत
– बैठक करते जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को जनपद के सभी 353 शक्ति केंद्रों पर मासिक बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी तथा संबंधित बूथों के बूथ अध्यक्षों ने भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के हुसेनगंज, छिवलहा तथा हथगांव मंडल के मऊपारा शक्ति केंद्र की बैठकों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और शक्ति केंद्र की बैठकें बूथों को सक्रिय एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बताया कि शक्ति केंद्र की यह नियमित मासिक बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाती है, जिसमें प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण की तैयारियों पर चर्चा के साथ-साथ संगठन द्वारा संचालित अभियानों की समीक्षा की जाती है। साथ ही आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की रूपरेखा तय कर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार प्रत्येक बैठक का विवरण एवं छायाचित्र सरल ऐप पर अपलोड किया जाता है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठकों में जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी, शिवाकांत तिवारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी तथा विभिन्न बूथों के अध्यक्ष मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार से पूर्व वाले रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाती हैं। इन बैठकों में बूथों पर होने वाले आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा पार्टी के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाता है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैठकों के सफल आयोजन के साथ भाजपा ने एक बार फिर बूथ सशक्तिकरण और संगठन विस्तार के अपने अभियान को गति देने का संदेश दिया है।

About NW-Editor

Check Also

सूरज से आग, गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल आवाम

सबको राहत की बारिश का इंतजार – चिलचिलाती धूप से बचाव के लिए चेहरे को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *