Breaking News

पीएफ-बीमा घोटाले पर कर्मचारियों का हल्लाबोल

– ज्ञापन सौंपते आउटसोर्सिंग कर्मचारी।
फतेहपुर। जनपद की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने अपने हकों की लड़ाई को तेज करते हुए उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य रमेश कुंडे को ज्ञापन सौंपकर पीएफ, बीमा, ईएसआई कार्ड और नए वेतनमान की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद फतेहपुर, बिंदकी तथा नगर पंचायत खागा, हथगाम, असोथर, कारीकरन धाता, किशनपुर, जहानाबाद और खखरेरू में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का पीएफ और बीमा का पैसा समय से जमा नहीं कराया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों के ईएसआई कार्ड और आई-कार्ड भी नहीं बनाए गए हैं, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि किसी कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना होती है तो बीमा और ईएसआई की सुविधा न होने से उसे आर्थिक सहायता और इलाज का लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनी और पालिका प्रशासन की होगी। कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार ज्ञापन और प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि शासन द्वारा एक अप्रैल से लागू किए गए नए वेतनमान का लाभ भी उन्हें नहीं दिया गया है। उन्होंने आयोग से हस्तक्षेप कर पीएफ व बीमा की धनराशि जमा कराने, ईएसआई और आई-कार्ड बनवाने तथा नए वेतनमान को तत्काल लागू कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में राजू बाबू, विजय बक्सी, देवनाथ धाकड़े, वीरेंद्र कुमार, राहुल, जयकुमार, विपिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अरुण कुमार, शिवाराम, रामप्रकाश और रामबाबू समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

रेडक्रॉस ने पुलिस भर्ती परीक्षार्थियों को पिलाया शीतल जल व शर्बत

– राहगीरों को शर्बत व जल पिलाते रेडक्रास चेयरमैन। फतेहपुर। ज्येष्ठ मास के छठे मंगल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *