महोबा । जनपद के अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत सितम्बर 2026 माह का खाद्यान्न 10 सितम्बर से 25 सितम्बर के बीच निःशुल्क वितरित किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रसाद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राशन वितरण अवधि के दौरान जिले की सभी उचित दर दुकानें सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुली रहेंगी।
योजना के तहत अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किग्रा गेहूं और 21 किग्रा चावल निःशुल्क दिया जाएगा। इसके अलावा, अन्त्योदय कार्डधारकों को 18 रुपये प्रति किग्रा की दर से 3 किग्रा चीनी (कुल 54 रुपये) में दी जाएगी। वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किग्रा गेहूं और 3 किग्रा चावल पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने समस्त कार्डधारकों से ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन के माध्यम से समय पर राशन प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी (e-KYC) अभी तक अवशेष है, वे इसे जल्द से जल्द पूर्ण करा लें ताकि उन्हें आगामी महीनों में खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी समस्या का सामना न करना पड़े।

News Wani