Breaking News

खेत में दौड़ा अवैध करंट बना काल, वृद्ध की मौत; परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

खखरेरू (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम सुदेशरा में खेत में करंट लगने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर खेत की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की बहू अनीसा बानो, पत्नी ताजउद्दीन, ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके ससुर इद्दू पुत्र दरगाही रविवार को बकरी चराकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी धर्म यादव पुत्र राधे यादव ने अपनी फसल को पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान इद्दू उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतक के परिजनों की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद आसिफ ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

डायट में मेंहदी प्रतियोगिता: सोनाली राठौर ने जीता पहला स्थान

– अनुष्का एवं निधि को मिला क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान -मेंहदी प्रतियोगिता के विजेताओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *