Breaking News

फतेहपुर में दिव्यांगजनों की सुविधाओं पर जोर, 21,957 लाभार्थियों को मिल रही पेंशन

फतेहपुर। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला दिव्यांग बंधु एवं लोकल लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में दिव्यांगजनों के लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। साथ ही दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 21,957 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। दुकान निर्माण एवं संचालन योजना के तहत निर्धारित 18 आवेदनों के लक्ष्य के सापेक्ष सभी 18 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसी प्रकार शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में भी निर्धारित 18 के लक्ष्य के सापेक्ष 18 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से अब तक 37,048 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 848 लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया है।

जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि दिव्यांग पेंशन से संबंधित सभी लंबित आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उपायुक्त उद्योग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत, कई घायल

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय के सामने नेशनल हाईवे-2 पर बुधवार सुबह ट्रक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *