फतेहपुर। शहर के कृष्ण बिहारी नगर निवासी मोहम्मद फरीद पुत्र मोहम्मद शकील ने कुछ लोगों पर राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने के लिए साजिश रचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने, झूठे मुकदमे में फंसाने तथा परिवार को मोहल्ले से भगाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और अपनी तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, मोहम्मद फरीद ने आरोप लगाया कि उसकी सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से द्वेष रखने वाले मोमिन शाह, चांद उर्फ एजाज शाह, पल्ला शाह, अनवर शाह तथा ताज बाबू शाह निवासी कृष्ण बिहारी नगर सहित कुछ लोग उसकी छवि खराब करने के लिए साजिश कर रहे हैं। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोगों को भड़काकर उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फरीद का आरोप है कि सोशल मीडिया पर जाति विशेष को निशाना बनाकर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं उत्तेजक वीडियो और संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने उक्त लोगों पर गोवंश कटान जैसी गतिविधियों के साथ-साथ कबाड़ के नाम पर कथित चोरी अथवा सरकारी सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने के भी आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इनमें से कुछ लोग स्वयं को भाजपा से जुड़ा हुआ बताकर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फरीद के अनुसार, लगातार बनाए जा रहे दबाव और धमकियों के कारण उसका परिवार मोहल्ले में असुरक्षित महसूस कर रहा है।
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी पक्ष उसके खिलाफ झूठी घटना तैयार कर फर्जी गवाह अथवा शिकायतकर्ता खड़ा करके पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर सकता है। आरोप है कि संबंधित लोग मोहल्ले का माहौल खराब कर उसे और उसके परिवार को वहां से निकालना चाहते हैं। मकान पर कब्जा करने की नीयत से लगातार धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित मोहम्मद फरीद ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
News Wani
