महोबा थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रैपुरा के ग्रामीणों एवं स्कूली छात्रों द्वारा गांव को जोड़ने वाली सड़क की खराब स्थिति, गड्ढों एवं जलभराव की समस्या को लेकर प्रातः करीब 09.00 बजे झांसी-मिर्जापुर (कुलपहाड़-महोबा) हाईवे पर जाम लगा दिया गया था। सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों एवं छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया। आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिए जाने के उपरान्त करीब 10.00 बजे जाम समाप्त कर यातायात सुचारू कराया गया।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आज दिनांक 20.08.2026 को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा ग्राम रैपुरा पहुंचकर जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों एवं स्कूली छात्रों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
जनचौपाल के दौरान अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों एवं छात्रों से यह भी संवाद किया गया कि सड़क एवं जलभराव से सम्बन्धित समस्या के संबंध में पूर्व में प्रशासन को अवगत क्यों नहीं कराया गया। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनसमस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन सदैव संवेदनशील एवं तत्पर है तथा किसी भी समस्या की जानकारी सीधे सम्बन्धित अधिकारियों को दी जा सकती है। वहीं, हाईवे पर सड़क जाम किए जाने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ एम्बुलेंस, आवश्यक सेवाओं एवं अन्य राहगीरों को भी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए भविष्य में समस्याओं के समाधान हेतु संवाद एवं वैधानिक माध्यमों का सहारा लेने की अपील की गई। इस पर ग्रामीणों एवं छात्रों द्वारा सड़क जाम किए जाने की घटना को अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने की बात कही गई तथा प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस दौरान स्कूली छात्रों द्वारा सड़क की खराब स्थिति एवं जलभराव के कारण विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों, मौके पर पुलिस बल के आचरण के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा छात्रों की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु मौके पर मौजूद सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए तथा छात्रों एवं ग्रामीणों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया गया।
संवाद/जनचौपाल कार्यक्रम में छात्रों एवं ग्रामीणों द्वारा बताई गई विभिन्न समस्याओं को बिन्दुवार नोट किया गया, जिनके सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।
डीएम एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जनपद में जनसंवाद एवं जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं।

News Wani