सैक्रामेंटो। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की 38 वर्षीय शालिनी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय रोहित ने सैक्रामेंटो के आर्डन आर्केड इलाके में एक रेस्टोरेंट के बाहर शालिनी का पीछा करने के बाद उस पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन घेराबंदी के दौरान उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
शालिनी की मां सुदेश कुमारी के अनुसार, रोहित करीब एक साल से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे लगातार परेशान करता था। बताया गया कि रोहित शालिनी से शादी करना चाहता था, लेकिन उम्र में काफी अंतर होने के कारण शालिनी ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया।

काम पर जाते समय शालिनी का पीछा किया
पुलिस के अनुसार, शालिनी आर्डन आर्केड क्षेत्र के एक शॉपिंग प्लाजा में काम करती थी। घटना वाले दिन रोहित ने काम पर जाते समय उसका पीछा किया और एक रेस्टोरेंट के बाहर उसे रोकने की कोशिश की।
शालिनी ने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा किया और कई गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद शालिनी की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गाड़ी की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को उसकी गाड़ी के बारे में सुराग मिला। वाहन ईस्टबाउंड हाईवे 50 पर मिला।
पुलिस ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की। कुछ देर बाद वाहन रुक गया। पुलिस जब उसके पास पहुंची तो रोहित ड्राइवर सीट पर खून से लथपथ मिला। उसने खुद को गोली मार ली थी।
जनवरी से शालिनी का पीछा करने का आरोप
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, रोहित जनवरी 2026 से शालिनी का पीछा कर रहा था। आरोप है कि वह कई बार मदद करने के बहाने शालिनी की कार के टायरों की हवा निकाल देता था और उसके काम पर आने-जाने के दौरान पीछा करता था।
आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने शालिनी के अपार्टमेंट की चाबी की कॉपी हासिल कर ली थी। इसके बाद वह कथित तौर पर कई बार उसके घर में घुस जाता था।
लगातार परेशान किए जाने के बाद शालिनी ने मई में रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। कोर्ट की ओर से उसे चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना बंद नहीं किया।

अमेरिका में बिना वैध दस्तावेजों के रहने का दावा
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक, रोहित अमेरिका में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा था। बताया गया कि वह 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था और उस दौरान अमेरिकी सीमा गश्ती दल ने उसे गिरफ्तार किया था।
इसके बाद बाइडन प्रशासन के दौरान उसे रिहा कर दिया गया था। हालांकि, उसके इमिग्रेशन स्टेटस से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
लगातार पीछा करने के बाद बढ़ा विवाद
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, शालिनी को लंबे समय से परेशान किए जाने का आरोप था। शिकायत दर्ज होने और कोर्ट की चेतावनी के बावजूद पीछा जारी रहने के बाद मामला गंभीर हो गया।
पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में शादी से इनकार के बाद आरोपी के नाराज होने और लगातार पीछा करने की बात सामने आई है।
News Wani
