Breaking News

लाइनमैन ने गरीबों से कनेक्शन के नाम पर वसूले हजारों, अब चोरी के केस में फंसे ग्रामीण – पीड़ितों ने डीएम से लगाई गुहार

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। नरैनी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरहरी के मजरा चौहानन पुरवा में बिजली कनेक्शन और मीटर लगवाने के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के दो लाइनमैनों पर हजारों रुपये लेने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़ितों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने ऊपर दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे वापस लेने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने आने वाले विद्युत विभाग के लाइनमैन अशरफ और कृपाली ने कनेक्शन तथा मीटर लगवाने के नाम पर प्रत्येक परिवार से एक हजार से लेकर दस हजार रुपये तक वसूल किए। रुपये लेने के बाद दोनों ने बिजली के खंभे से केबल जोड़कर घरों में बिजली आपूर्ति शुरू करा दी। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मीटर उपलब्ध होते ही लगा दिया जाएगा और जमा की गई धनराशि विभाग में पहुंच रही है।

पीड़ितों के मुताबिक, इसके बाद दोनों कर्मचारी हर महीने बिजली बिल के नाम पर 300 से 400 रुपये भी लेते रहे, लेकिन किसी को भुगतान की रसीद नहीं दी गई। ग्रामीणों को विश्वास था कि उनका बिजली कनेक्शन वैध तरीके से चल रहा है।

छापेमारी के बाद खुला पूरा मामला

करीब एक महीने पहले विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में छापेमारी की। इस दौरान ग्रामीणों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया और जुर्माने की रसीद भी भेज दी गई। जब ग्रामीणों को जुर्माने की जानकारी मिली, तब उन्हें पता चला कि जिस कनेक्शन को वे वैध समझ रहे थे, उसे विभाग की ओर से बिजली चोरी माना जा रहा है।

गरीब परिवारों ने कार्रवाई से राहत की लगाई गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि वे बेहद गरीब हैं और मजदूरी करके अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। अधिकांश लोग अनपढ़ हैं और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं रखते। ऐसे में वे जुर्माने की रकम जमा करने में असमर्थ हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से दोनों लाइनमैनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इसके साथ ही ग्रामीणों ने अपने खिलाफ दर्ज बिजली चोरी के मुकदमों को वापस लेने तथा कम शुल्क पर वैध बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देने वालों में जगमोहन, राजाराम, सरोज सिंह, रामप्यारी, गुड़िया, सुनेना, गिरधारी, भूरी, श्यामा, कमला समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।

About NW-Editor

Check Also

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन से महाराणा प्रताप चौराहे तक निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, पुलिसकर्मियों ने ली एकता की शपथ

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बांदा में पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *