न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बांदा में पुलिस विभाग की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में पुलिसकर्मियों ने देश की एकता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ भी ली।
एकता दौड़ का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने पुलिस लाइन बांदा से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौराहे तक पहुंची। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्वयं दौड़ का नेतृत्व किया। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
दौड़ के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में दिए गए योगदान को याद किया गया। पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता, सामाजिक समरसता और सौहार्द बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर प्रतीज्ञा सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसी क्रम में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई।
News Wani
