न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के कछार पुरवा गांव में पति-पत्नी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता गौरी पत्नी रामप्रताप ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह घर में घरेलू कामकाज निपटाकर सोने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान गांव के राजबली और कामता पुत्रगण रामफल, रामफल पुत्र मैकू तथा प्रेमा पत्नी रामफल कथित तौर पर फरसा, कुल्हाड़ी और लाठी लेकर उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि दरवाजे पर गाली-गलौज करते हुए लात मारकर दरवाजा खुलवाया और घर के अंदर घुसकर महिला के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने अगले दिन थाने आने को कहा, लेकिन वहां पहुंचने पर भी उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
दो दिन बाद पति के साथ भी मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, दूसरी घटना 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे हुई। उसके पति रामप्रताप घर के पास स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान कामता पुत्र रामफल ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर लात-घूंसों और डंडों से उनकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि वह और उसके पति कई बार थाने में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। आरोप है कि संबंधित लोग गांव में खुलेआम धमकी देते हैं कि थाने में उनकी अच्छी पकड़ है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी तीन-चार बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराने, आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
News Wani
