फतेहपुर। सैठी धमना खुर्द स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में शनिवार को लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, दृढ़ संकल्प, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का सरदार पटेल ने ऐतिहासिक कार्य किया था। उनके इस योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक अतुल कुमार, रीना पटेल, आकाश पटेल, कमल कुमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
News Wani
