फतेहपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के शिल्पकार और लौहपुरुष के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाने में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व विनय पांडेय, एडीएम न्यायिक सुनील कुमार, अपर उप जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
