महोबा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कबरई, महोबा में कक्षा-7 में अध्ययनरत छात्रा प्रांशी को एक दिन का प्रतीकात्मक क्षेत्राधिकारी नगर बनाया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड द्वारा छात्रा प्रांशी को क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा जनपदीय पुलिस की विभिन्न इकाइयों एवं थानों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, जनशिकायतों के निस्तारण तथा आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु अपनाई जाने वाली प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
प्रतीकात्मक क्षेत्राधिकारी के रूप में छात्रा प्रांशी द्वारा जनसुनवाई की गई तथा प्राप्त प्रार्थना पत्रों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस गतिविधि के माध्यम से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसेवा के दायित्वों तथा जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व की भावना से परिचित कराया गया।
पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं प्रशासनिक कार्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

News Wani