– आशीष सिंह चौहान का ऑलराउंड प्रदर्शन चमका
– खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित करते अतिथि।
फतेहपुर। बांदा-सागर रोड स्थित आरवीएस स्कूल के समीप ग्रीन बॉक्स ग्राउंड में आयोजित ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1, 2026 के अंतर्गत शनिवार को खेले गए दोनों लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में डेस्टिनी-11 ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नितीश पाल ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 38 गेंदों में 100 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। गेंदबाजी में भी उन्होंने एक विकेट हासिल कर अपनी उपयोगिता साबित की। 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाइफ स्टाइल स्ट्राइकर्स की टीम डेस्टिनी-11 के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 11.3 ओवर में 82 रन पर सिमट गई। इस प्रकार डेस्टिनी-11 ने मुकाबला 76 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए नितीश पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मुकाबले में पालीवाल पीपी-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 5 विकेट पर 120 रन बनाए। टीम के लिए आशीष सिंह चौहान ने 33 गेंदों पर 58 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में अंबेडकर-11 की टीम निर्धारित 12 ओवर में 5 विकेट खोकर केवल 62 रन ही बना सकी। पालीवाल पीपी-11 ने यह मुकाबला 58 रनों से अपने नाम कर लिया। आशीष सिंह चौहान ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 3 ओवर में मात्र 10 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. ज्ञानेन्द्र सचान ज्ञानू, आशीष शुक्ला जीतू, देवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी, कमल किशोर गुप्ता, योगेन्द्र कुमार, मुन्ना सिंह, अमित श्रीवास्तव, श्रीश शुक्ला, अभिषेक सेंगर, विश्वनाथ सिंह, मनोज कुमार, आकाश शुक्ला, पंकज पासवान, सम्राट गौतम, आयुष अग्रहरि, सन्दीप श्रीवास्तव, प्रेम सिंह और रतन कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजक समिति, अंपायरों, स्कोररों तथा सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित खेल भावना और शानदार प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया है। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

News Wani