फिरोजाबाद । बिहार के हाजीपुर में आयोजित अंडर-21 नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप (महिला व पुरुष वर्ग) में उत्तर प्रदेश की टीम के कप्तान अभी कुशवाहा ने इतिहास रच दिया है। आठ-आठ राज्यों की दिग्गज टीमों के बीच खेले गए इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में यूपी के कप्तान अभी ने एक ऐसा करिश्माई प्रदर्शन किया, जो नेशनल रिकॉर्ड बन गया है।
उत्तर प्रदेश सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल लहरी ने जानकारी देते हुए बताया कि, प्रतियोगिता के ‘पूल-ए’ के सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश का सामना मेजबान बिहार की टीम से हुआ। बिहार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 134 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम अपने सभी विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी, लेकिन मैच का असली आकर्षण यूपी के कप्तान अभी कुशवाहा का विस्फोटक अंदाज रहा। अभी ने अकेले दम पर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 88 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान कप्तान अभी कुशवाहा ने लगातार 7 गेंदों पर 7 शानदार छक्के जड़ दिए। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अभी ने ये सातों छक्के केवल एक हाथ से शॉट खेलकर लगाए! सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप के इतिहास में एक हाथ से लगातार 7 छक्के लगाने का यह अपने आप में पहला और ऐतिहासिक नेशनल रिकॉर्ड बन गया है।
कप्तान अभी कुशवाहा के इस अभूतपूर्व और अविश्वसनीय रिकॉर्ड के लिए उत्तर प्रदेश सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल लहरी समेत कई प्रमुख खेल प्रेमियों व पदाधिकारियों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दी हैं तथा भविष्य में और भी बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया है।
मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश सचिव अनिल लहरी, मुकेश गुप्ता (मामा), अनिल गर्ग, संजय बंसल, प्राची अग्रवाल, अनुपम शर्मा, उमेश शर्मा, अतुल जैन, डी.सी. गुप्ता, प्रदीप मित्तल, पम्मी, प्रमोद, प्रमोद सैनी, विकास लहरी, पालू गुप्ता आदि ने कप्तान अभी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
News Wani
