Breaking News

खलील नगर में मौत को दावत देती खुली नाली, बारिश में बन रही हादसों की वजह

फतेहपुर। शहर के खलील नगर स्थित कर्बला के सामने सीओ रोड पर वर्षों से बनी एक खुली नाली स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। बारिश के दौरान नाली पूरी तरह पानी में ढक जाती है, जिससे उसका अस्तित्व दिखाई नहीं देता और अनजान लोग सीधे उसमें गिरकर हादसों का शिकार हो रहे हैं।
न्यूज़ वाणी की टीम द्वारा मौके पर पड़ताल के दौरान सामने आया कि बरसात में सड़क पर इतना अधिक जलभराव हो जाता है कि पूरी सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। ऐसे में राहगीरों को यह अंदाजा तक नहीं लग पाता कि सड़क कहाँ है और नाली कहाँ, जिसके चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन लगातार उसमें फंस रहे हैं।
मौके से सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक वाहन नाली में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए तीन से चार लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी नाली में स्कूल जा रही शिक्षिकाएँ और बच्चे भी गिर चुके हैं। अब तक कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या वर्षों पुरानी है। हर बारिश में नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खुल जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और लोगों का निकलना खतरे से खाली नहीं रहता।
न्यूज़ वाणी के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इस खुली नाली को तत्काल ढका जाए, जलभराव की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा सड़क की मरम्मत कर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।

About NW-Editor

Check Also

संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमेदपुर टेनी में संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय महिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *