पड़ोसियों से नाराज पाकिस्तान? अफगान मंत्री ने दिया दिलचस्प बयान, बाकी सब हैं खुश

 

तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी पाकिस्तान को लेकर कई कड़े बयान दे चुके हैं. इसी बीच उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में शांति है और वह किसी भी देश के साथ टकराव नहीं चाहते. हाल ही में पाकिस्तान के साथ सीमा पर हुई झड़प को लेकर मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान के पांच पड़ोसी देश और भी हैं, वह सभी उनके साथ खुश हैं.

 

 

मुत्ताकी ने कहा, “हम किसी के साथ संघर्ष नहीं चाहते. अफगानिस्तान में शांति है. पाकिस्तान हमारा एकमात्र पड़ोसी नहीं है. उसके अलावा भी हमारे पांच और पड़ोसी हैं. वे सभी हमसे खुश हैं.”

मुत्ताकी ने बीते रविवार को पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर पाकिस्तान शांति नहीं चाहता है तो उसके पास और भी विकल्प हैं. मुत्ताकी ने दावा किया था कि सीमा पर दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष में अब तक 50 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे जा चुके हैं और 19 अफगान सीमा चौकियों पर पाकिस्तान ने कब्जा कर लिया है.

भारत यात्रा पर बात करते हुए मुत्ताकी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि हमारी इस यात्रा का भारत और अफगानिस्तान के संबंधों पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा. भारत के साथ हमारा व्यापार एक अरब डॉलर से ज्यादा है. यह अच्छी बात है कि भारत सरकार ने काबुल में तकनीकी मिशन को दूतावास के स्तर तक बढ़ाने का फ़ैसला किया है.” इसके आगे उन्होंने कहा, “अफगानिस्तान में काम के अनगिनत मौके हैं. 45 साल बाद यहां शांति आई है.” मुत्ताकी ने कहा कि इसी शांति की वजह से दुनिया भर से लोग यहां कूटनीतिक उद्देश्यों से आते हैं. सभी खुश हैं.

मुत्ताकी ने भारत को आमंत्रित किया है कि वह अफगानिस्तान के खनिजों में निवेश करे. इसके अलावा, उन्होंने वाघा बॉर्डर को खोलकर व्यापार को सुगम बनाने में मदद करने का अनुरोध किया है. मुत्ताकी ने इस बॉर्डर को दोनों देशों के बीच “सबसे तेज व्यापार मार्ग” बताया है. मुत्ताकी ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की और अर्थव्यवस्था, व्यापार और अन्य मुद्दों पर चर्चा की.

About SaniyaFTP

Check Also

ईरान पर डोनाल्ड ट्रम्प का सख्त रुख: ‘गलती की तो होगा जवाबी हमला’, 14-पॉइंट प्रस्ताव पर संशय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि ईरान ने कोई गलती की, तो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *