Breaking News

एफआईआर की प्रति के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाएंगे वादी, फतेहपुर पुलिस शुरू करेगी घर पहुंच सेवा

 

फतेहपुर। न्यूज़ वाणी। जनपद में एफआईआर दर्ज कराने वाले वादियों को अब उसकी प्रति प्राप्त करने के लिए बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। फतेहपुर पुलिस ने जनहित में नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत एफआईआर की प्रति वादी को समय से उपलब्ध कराने के साथ आवश्यकता पड़ने पर हल्का/बीट आरक्षी के माध्यम से उसके घर तक पहुंचाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कई मामलों में थाने पर एफआईआर पंजीकृत होने के बावजूद वादी को उसकी प्रति समय से उपलब्ध नहीं हो पाती है। इससे वादी को अनावश्यक रूप से थाना अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आमजन की सुविधा, समय की बचत और पुलिस सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी थानों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

व्हाट्सएप से भी भेजी जाएगी एफआईआर की प्रति

नई व्यवस्था के अनुसार एफआईआर पंजीकृत होने के बाद उसकी प्रति वादी को तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए एफआईआर की प्रति वादी के व्हाट्सएप नंबर पर भी भेजी जाएगी। यदि किसी कारणवश व्हाट्सएप के माध्यम से प्रति उपलब्ध नहीं हो पाती है तो संबंधित हल्का/बीट आरक्षी के जरिए एफआईआर की प्रति समय से वादी के घर पहुंचाकर उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराते समय वादी के साथ फोटो लेकर संबंधित थाना अभिलेख में सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का भविष्य में सत्यापन किया जा सके।

महिला वादियों के लिए विशेष व्यवस्था

महिला वादियों के मामले में एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे मामलों में प्रक्रिया में महिला पुलिसकर्मी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा महिला पुलिसकर्मी द्वारा शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में कोई वादी एफआईआर पंजीकृत होने के बावजूद उसकी प्रति प्राप्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होता है तो संबंधित प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष की जवाबदेही तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

फतेहपुर पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शी, जवाबदेह, तकनीक-सक्षम और जनकेंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देना है। एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है और नई व्यवस्था से वादियों को अनावश्यक रूप से थाने तथा पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर पुलिस की नई पहल: एफआईआर दर्ज होते ही वादी को मिलेगी सूचना, घर तक पहुंचाई जाएगी कॉपी

फतेहपुर। आमजन को राहत देने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *