न्यूज़ वाणी ब्यूरो
मंडावर (बिजनौर) क्षेत्र के ग्राम कुंदनपुर टीप निवासी पीड़ित महिला जाहिदा ने अपने पति सहित पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा आदेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग और एडीजीपी बरेली को पत्र भेजकर पुलिस अधीक्षक बिजनौर से निष्पक्ष कार्रवाई कराने की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति मुशर्रफ ने अपने भाई आसिफ, उसकी पत्नी मुबससरीन, मां हलीमा, बहन अकलीमा, बहनोई एहसान, सौतेले पुत्र सरताज और पुत्री आसमा के कहने पर उसे तीन तलाक दिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर उसकी जवान पुत्रियों सहित घर से निकाल दिया गया तथा दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता के अनुसार उसने मामले की शिकायत थाना मंडावर में की, जिसके बाद वह अपने घर में रहने लगी। बाद में उसके पति ने उसे तीन तलाक का नोटिस भेज दिया।
जाहिदा का आरोप है कि बालावाली पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा आदेश कुमार ने उसके पति से मिलीभगत कर उसका उत्पीड़न किया और उसे घर खाली करने के लिए कहा, जबकि उसके पास ऐसा कोई न्यायालयीय आदेश नहीं था।
पीड़िता के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि एसपी कार्यालय से उसकी शिकायत के संबंध में दरोगा आदेश कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने उसके पति के कहने पर घर से भाग जाने का आरोप लगाते हुए उसके चरित्र पर सवाल उठाए। महिला का कहना है कि उसके पति और गांव के कुछ लोग भी उसके तथा उसकी पुत्रियों के बारे में इस प्रकार के आरोप लगाकर उसे बदनाम कर रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी जवान पुत्री के साथ काम की तलाश में गई थी, क्योंकि उसका पति कथित रूप से उसका खर्च नहीं दे रहा था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसके और उसकी पुत्रियों का घर से निकलना तक मुश्किल कर रखा है।
महिला के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय से उसके पति और अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं और मामले की जांच दरोगा आदेश कुमार को सौंपी जा रही है। पीड़िता ने कहा कि जिस पुलिसकर्मी पर वह अपने उत्पीड़न और चरित्र हनन का आरोप लगा रही है, उसी से निष्पक्ष जांच की उसे उम्मीद नहीं है।
पीड़िता ने राज्य महिला आयोग और एडीजीपी बरेली से मामले की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराने तथा निष्पक्ष जांच कराकर उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
News Wani
