Breaking News

मंदिर की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग, शिवसेना ने चांदपुर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन 

न्यूज़ वाणी ब्यूरो 

चांदपुर (बिजनौर)। ग्राम सैदपुरा उर्फ नाईपुरा में स्थित माता चमुण्डा देवी एवं भगवान शिव मंदिर की भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने और पूजा-अर्चना में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिवसेना बिजनौर के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद शिवसेना पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी चांदपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सैदपुरा उर्फ नाईपुरा में पाल समाज और वाल्मीकि समाज के करीब 200 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 1984-85 में सर्वसम्मति से माता चमुण्डा देवी एवं भगवान शिव का मंदिर स्थापित किया गया था। तभी से मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा मंदिर में पूजा करने जाने वाली महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा कथित रूप से अश्लील फब्तियां कसकर उन्हें पूजा-अर्चना करने से रोका जाता है। ज्ञापन में राकेश पुत्र कल्लू, ओमवती पत्नी राकेश तथा विनित पुत्र राकेश निवासी सैदपुरा के नाम का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि राकेश पुत्र कल्लू ने मंदिर की भूमि खसरा संख्या 570, रकबा 0.08 हेक्टेयर पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और भविष्य में विवाद बढ़ने की आशंका जताई गई है।

शिवसेना और ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि मंदिर की भूमि की जांच कराकर यदि कब्जा अवैध पाया जाए तो उसे तत्काल हटवाया जाए तथा भूमि मंदिर समिति को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूजा-अर्चना में बाधा डालने और श्रद्धालुओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने मंदिर एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।

प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में शिवसेना जिला प्रमुख चौधरी वीर सिंह, जिला उप प्रमुख मुकेश लांवा, डॉ. दिनेश, दीपक देशवाल, पुलकित त्यागी, राहुल त्यागी, पुष्पेंद्र कश्यप, प्रियांशु चौधरी, भूपेंद्र, संदीप बिल्ला सहित शिवसैनिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बिजनौर में खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से सनसनी, नशे के ओवरडोज की आशंका

स्योहारा/बिजनौर – सहसपुर कस्बे के मोहल्ला सरायकला में मंगलवार सुबह एक खाली प्लॉट में 25 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *