फतेहपुर। संत रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से प्रारंभ हुई भक्त कलश यात्रा के हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के मंडल हुसैनगंज पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहार ने यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने लोगों से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मंडल हुसैनगंज के संयोजक एवं पूर्व प्रमुख राम सजीवन तथा मंडल अध्यक्ष श्रीकांत अवस्थी के साथ कस्बा हुसैनगंज, सहनीपुर, गोवर्धनपुर और तेमरावां में कलश की पूजा-अर्चना की गई और संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। सभी गांवों में ढोल-बाजे के साथ रथ का स्वागत किया गया।
जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता रिंकू लोहार ने कलश यात्रा के दौरान ग्रामीणों को बताया कि संत रविदास जी प्रत्येक कार्य और भजन-कीर्तन पूरी श्रद्धा और मन से करते थे। उनका संदेश था कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा”। उन्होंने समाज में समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
गोवर्धनपुर गांव में ग्रामीणों के साथ प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को भी संत रविदास जी के सिद्धांतों और उनके विचारों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास जी के सिद्धांतों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
रिंकू लोहार ने बताया कि यह रथ कलश यात्रा जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी और लोगों को संत रविदास जी के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराएगी।
इस मौके पर शैलेन्द्र पाल, विकास दुबे, नीसा सिंह, मीना कुमारी, राम किशोर, आशाराम सहित कई लोग मौजूद रहे।
News Wani
