फतेहपुर। दिव्यांग विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
योजना के तहत कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, कक्षा 11वीं से स्नातकोत्तर डिग्री या डिप्लोमा तक के विद्यार्थियों को पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को टॉप क्लास छात्रवृत्ति सहित निर्धारित अन्य छात्रवृत्तियों का लाभ दिया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी एवं संस्थान स्तर पर आवेदन का सत्यापन 15 सितंबर तक तथा डीएनओ, एसएनओ एवं एमएनओ स्तर पर सत्यापन 30 नवंबर तक किया जाएगा।
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन 25 जुलाई से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। विद्यार्थी एवं संस्थान स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर तथा डीएनओ, एसएनओ एवं एमएनओ स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू है। पात्र विद्यार्थी 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में विद्यार्थी एवं संस्थान स्तर पर सत्यापन 15 नवंबर तक किया जाना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन पूरा करें। साथ ही आवेदन का सत्यापन संबंधित विद्यालय, महाविद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्थान से निर्धारित समय में अवश्य कराएं। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
News Wani
