पटना। राजधानीवासियों को बड़ा झटका लगा है। पटना में सीएनजी (CNG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की कीमतों में इजाफा कर दिया गया है।
गैस कंपनियों ने घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक श्रेणी की गैस दरों में वृद्धि कर दी है। नई दरें 9 मई 2026 से प्रभावी हो गई हैं।
घरेलू पीएनजी की कीमत 50 पैसे बढ़ी
जारी नई दरों के अनुसार घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (DPNG) की कीमत ₹49.44 प्रति एससीएम से बढ़ाकर ₹49.94 प्रति एससीएम कर दी गई है। वहीं वाणिज्यिक उपयोग के लिए सीपीएनजी (CPNG) की कीमत ₹87.89 से बढ़कर ₹93.27 प्रति एससीएम हो गई है।
औद्योगिक श्रेणी में 5000 एससीएम तक खपत वाले आईपीएनजी (IPNG) की दर ₹81.11 से बढ़ाकर ₹86.25 प्रति एससीएम कर दी गई है।
वहीं 5000 एससीएम से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए दर ₹80.90 से बढ़कर ₹85.95 प्रति एससीएम निर्धारित की गई है।
वाहनों की सीएनजी एक रुपये महंगी
इसके अलावा वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की कीमत में भी ₹1 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। अब पटना में सीएनजी ₹88.90 के बजाय ₹89.90 प्रति किलोग्राम मिलेगी। गैस दरों में बढ़ोतरी के बाद घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर असर पड़ने की संभावना है, वहीं होटल, रेस्तरां और छोटे उद्योगों की परिचालन लागत भी बढ़ सकती है। परिवहन क्षेत्र में भी सीएनजी महंगी होने से ऑटो और टैक्सी चालकों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी की संभावना भी सताने लगी है। चर्चा है कि 15 मई के बाद कीमतों में संशोधन होगा। हालांकि बीते दिनों सीएम सम्राट चौधरी ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया था।
News Wani
