मुंबई। अभिनेत्री श्वेता तिवारी सोशल मीडिया पर लगातार मिल रही अभद्र टिप्पणियों और गालियों से नाराज हैं। उन्होंने कुछ ट्रोलर्स की सोशल मीडिया प्रोफाइल साझा करते हुए महिलाओं के प्रति ऑनलाइन बढ़ती आपत्तिजनक भाषा पर सवाल उठाया है। श्वेता ने एक ऐसे यूजर की प्रोफाइल भी शेयर की, जो महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और राज ठाकरे के समर्थन से जुड़ा नजर आया।
श्वेता तिवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि किसी भी महिला को गाली देना किसी भी स्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ लोग पढ़े-लिखे और सम्मानित परिवारों से होने के बावजूद महिलाओं के लिए बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
राज ठाकरे से श्वेता ने पूछा सवाल
श्वेता ने राज ठाकरे को टैग करते हुए सवाल किया कि अगर ऐसे लोग उनके समर्थक हैं, तो क्या महिलाओं को इस तरह गाली देना उन्हें स्वीकार्य है। अभिनेत्री ने कहा कि वह पूरी जिंदगी महाराष्ट्र में रही हैं और मराठी संस्कृति में महिलाओं के सम्मान, गरिमा और मजबूती को महत्वपूर्ण मानती हैं।
उन्होंने कहा कि खुद को मराठी माणुस कहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि महिलाओं का सम्मान करना भी इसी पहचान का हिस्सा होना चाहिए। श्वेता के मुताबिक, ट्रोलिंग करने वाले लोग उनके आठ साल के बेटे और बेटी पलक को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
ऑनलाइन ऑर्डर में कॉकरोच मिलने का भी दावा
श्वेता तिवारी ने ऑनलाइन डिलीवरी को लेकर भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दावा किया कि इंस्टामार्ट से ऑर्डर किए गए एनर्जी ड्रिंक के पैकेट के साथ उनके घर में कॉकरोच पहुंच गया। अभिनेत्री ने इसका वीडियो साझा करते हुए महाराष्ट्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी तुकाराम मुंढे को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
‘द ट्रेटर्स 2’ में नजर आ रही हैं श्वेता
श्वेता तिवारी को टीवी शो ‘कसौटी जिंदगी की’ से देशभर में पहचान मिली थी। वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ की विजेता भी रह चुकी हैं। इन दिनों वह अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में नजर आ रही हैं।
News Wani
