मध्यप्रदेश के महू में चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की जीत के बाद निकल रहे जुलूस के दौरान विवाद हो गया। दो गुट आमने-सामने आ गए। लोगों ने दुकानों और वाहनों को आग लगा दी। पेट्रोल बम भी फेंके गए। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाला। करीब ढाई घंटे बाद हालात काबू में आ सके। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। भारत की जीत के बाद 100 से ज्यादा लोग 40 से ज्यादा बाइक पर सवार होकर जुलूस निकाल रहे थे। इसमें शामिल लोग जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे।
इसी दौरान जामा मस्जिद के पास आतिशबाजी को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया। पीछे चल रहे पांच-छह लोगों को दूसरे पक्ष के लोगों ने रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। जब इस बात का पता आगे चल रहे लोगों को लगा तो उन्होंने पत्थर फेंके। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। बाइक सवार कुछ लोग पत्ती बाजार, कुछ कोतवाली और बाकी दूसरे क्षेत्र में निकल गए। इधर, गुस्साए लोगों ने पत्ती बाजार क्षेत्र में भी पथराव शुरू कर दिया। यहां घरों-दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगे। पांच से छह लोगों के घायल होने की सूचना है। बवाल बढ़ने पर आसपास के चार थानों के पुलिस बल को महू बुलाया गया। करीब 300 से ज्यादा बल तैनात किया।
कलेक्टर आशीष सिंह और DIG निमिष अग्रवाल रात करीब डेढ़ बजे महू पहुंचे। उन्होंने शहर में पैदल घूमकर स्थिति का जायजा लिया। उपद्रवियों ने पत्ती बाजार, मार्केट चौक, जामा मस्जिद, बतख मोहल्ला और धानमंडी में बाहर खड़ी करीब 12 से ज्यादा बाइक में आग लगा दी। दो कार में तोड़फोड़ कर आग लगाई गई। पत्ती बाजार क्षेत्र में प्रेस क्लब के अध्यक्ष राधेलाल के घर में आग लगाई। बतख मोहल्ले में एक दुकान को आग के हवाले किया। मार्केट चौक में दो दुकानों के बाहर आग लगाई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पत्ती बाजार और माणक चौक क्षेत्र में लाठीचार्ज किया। पत्ती बाजार क्षेत्र में आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब ढाई घंटे बाद रात करीब 1 बजे स्थिति सामान्य हो सकी।
मौके पर 10 थानों के करीब 300 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं। आर्मी की 8 जवानों की टुकड़ी क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी बुलाया गया है। इस विवाद में फिलहाल किसी के गंभीर घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने किसी के खिलाफ केस भी दर्ज नहीं किया है और न ही किसी को गिरफ्तार किया है। कलेक्टर आशीष सिंह और DIG निमिष अग्रवाल रात करीब डेढ़ बजे महू पहुंचे। उन्होंने शहर में पैदल घूमकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि पत्थरबाजी और आगजनी करने वालों की पहचान की जाएगी। किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। सभी दोषियों पर कार्रवाई करेंगे। होली और रमजान पर शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस-प्रशासन तैयारी कर रहा है।