Breaking News

पानी के टब में मिली शिक्षिका की लाश, शरीर पर चोट के निशान; पति पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर स्थित 50 नंबर पुल इलाके में शनिवार को निजी विद्यालय की शिक्षिका शालिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घर के भीतर पानी के टब में मृत मिली शालिनी के सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने मृतका के पति प्रदीप यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्यों एवं अब तक सामने आए तथ्यों की जानकारी ली। एसपी ने मृतका के परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शालिनी यादव शनिवार को अपने आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में मिली थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। खासतौर पर सिर और पैर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर लगाया जाएगा।

परिजनों के अनुसार शालिनी यादव ने करीब नौ साल पहले प्रदीप यादव से प्रेम विवाह किया था। दोनों शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हुए थे। शालिनी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति सरकारी विद्यालय में शिक्षक बताए गए हैं। दंपती का करीब सात वर्षीय एक बेटा भी है। शालिनी की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों को जुटाने के साथ ही पति से पूछताछ समेत अन्य बिंदुओं पर भी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जाए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली समेत स्थानीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

About NW-Editor

Check Also

कृषि फीडर बना परेशानी का सबब, रात में अंधेरे में रहने को मजबूर घरेलू उपभोक्ता

फतेहपुर। मोहम्मदपुर गौंती के मजरे नयापुरवा गांव के लोग तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप प्रेमनगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *