Breaking News

# शिक्षकों की कमी पर लखनऊ में सड़क पर उतरे जेन-अल्फा, मंत्री का काफिला जाम में फंसा

लखनऊ।* शिक्षकों की कमी और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को पारा क्षेत्र में सर्वोदय विद्यालय के छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण बुद्धेश्वर से मोहान जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

इसी दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया। वह काफिले से उतरकर छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। मंत्री से बातचीत के बाद छात्रों को विद्यालय परिसर में ले जाया गया, जहां उन्होंने अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।

### शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत

मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों का कहना था कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। शिक्षकों की कमी के कारण सभी कक्षाओं की पढ़ाई समय पर पूरी नहीं हो पा रही है। छात्रों ने जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में पोस्टर थे और वे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों के सड़क पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आगरा एक्सप्रेसवे भी प्रदर्शन स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर है, जिसके चलते वहां भी कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

### पुलिस ने समझाकर खुलवाया रास्ता

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 1:20 बजे सड़क को खाली कराया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।

इसके बाद विद्यालय प्रशासन की मदद से छात्रों को परिसर में ले जाया गया। वहां राज्यमंत्री असीम अरुण की मौजूदगी में प्रिंसिपल विनोद कुमार ने छात्रों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया।

### मंत्री के सामने छात्रों ने गिनाईं समस्याएं

विद्यालय के ऑडिटोरियम में छात्रों ने राज्यमंत्री के सामने शिक्षकों की कमी के अलावा खेलकूद के सामान, बिजली व्यवस्था, लाइब्रेरी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।

छात्रों ने बताया कि नीट और जेईई की तैयारी के लिए चल रही मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में केमिस्ट्री के शिक्षक की भी कमी है। छात्रों ने इन समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।

असीम अरुण ने छात्रों की शिकायतें सुनीं और विद्यालय प्रशासन से भी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

### असीम अरुण बोले- बच्चों की समस्या हमारी भी समस्या

मंत्री ने छात्रों से कहा कि वह कन्नौज जा रहे थे और रास्ते में जाम में फंस गए। जब उन्हें पता चला कि छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम किया है तो उन्हें यह देखकर अच्छा नहीं लगा। उन्होंने कहा कि बातचीत के बाद छात्रों का विद्यालय के अंदर आना बेहतर रहा।

असीम अरुण ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से लखनऊ में दो सर्वोदय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए पिछले साल अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन हाईकोर्ट से रोक लगने के कारण यह व्यवस्था आगे नहीं बढ़ सकी। इस मामले में 17 अगस्त को सुनवाई होनी है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की समस्या विभाग की भी समस्या है और शिक्षकों की कमी समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

### विद्यालय में करीब 450 छात्र

मोहान रोड स्थित सर्वोदय विद्यालय में इस सत्र में करीब 450 छात्र पढ़ रहे हैं। यहां छात्रों के रहने, खाने और पढ़ाई की व्यवस्था निशुल्क है। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, इसलिए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति जल्द की जानी चाहिए।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में SIR के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, कई हिरासत में

लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने लखनऊ में प्रदर्शन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *