डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव में एक शादी समारोह उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले बैठा, जब दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। यह पूरा घटनाक्रम 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात का बताया जा रहा है, जिसकी शिकायत मंगलवार को थाने में दर्ज कराई गई और बुधवार को मामला चर्चा में आ गया।

वरमाला मंच पर पलटा पूरा खेल

जानकारी के मुताबिक, परासिया से बारात धूमधाम से मुजावर पहुंची थी। स्वागत, आतिशबाजी और भोज के बाद जब जयमाला की रस्म शुरू हुई, तो दूल्हा मंच पर मौजूद था और दुल्हन को भी वहां लाया गया। इसी दौरान दुल्हन अचानक स्टेज से नीचे उतरी और पंडाल में खड़े एक युवक के गले में वरमाला डाल उससे लिपट गई। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से पूरा पंडाल सन्न रह गया।

मारपीट और हंगामे के बाद टूटी शादी

घटना के बाद वधू पक्ष के लोगों ने युवती और उसके प्रेमी के साथ मारपीट कर दी। माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटनाक्रम से आहत दूल्हे ने शादी से साफ इंकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई। दूल्हा पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग

बताया जा रहा है कि युवती और युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। परिवार के दबाव में युवती शादी के लिए राजी हुई थी, लेकिन अंतिम समय पर उसने अपने प्रेमी को चुनते हुए यह कदम उठा लिया।

आर्थिक और सामाजिक नुकसान की बात

इस घटना से वर पक्ष को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक तौर पर भी ठेस पहुंची है। शादी के लिए दिए गए सामान और अन्य खर्च को लेकर अब विवाद की स्थिति बन सकती है।अधिवक्ता अनुराग जायसवाल के अनुसार, दूल्हा पक्ष चाहे तो धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक अपमान के आधार पर कानूनी कार्रवाई कर सकता है। साथ ही, खर्च और दिए गए सामान की भरपाई के लिए सिविल दावा भी किया जा सकता है।

पहले भी सामने आ चुका ऐसा मामला

गौरतलब है कि परासिया क्षेत्र में पिछले एक साल में यह दूसरा मामला है, जब शादी समारोह ऐन मौके पर टूट गया। इससे पहले भी एक दुल्हन ने फेरे के समय शादी से इंकार कर दिया था।