रामगढ़(कैमूर)। कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार मिल रहे सिर कटे और टुकड़ों में शवों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब उन किराएदारों की तलाश में जुट गई है, जो पिछले कुछ दिनों से कमरा बंद कर अचानक गायब हो गए हैं। दो अलग-अलग जगहों से चार शवों के टुकड़े मिलने के बाद पुलिस ने मकान मालिकों के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

गायब किराएदारों की तलाश तेज( AI फोटो)
किराएदारों की तलाश में जुटी पुलिस
रामगढ़ थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किराएदारों की जानकारी तुरंत थाने को दें, जो एक मई के बाद बिना सूचना दिए कमरा बंद कर गायब हो गए हैं। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध गतिविधियों और गायब किराएदारों का इस सनसनीखेज मामले से कोई कनेक्शन हो सकता है। इसलिए मकान मालिकों से भी सहयोग मांगा गया है।
10 और 12 मई को मिले थे शव
पुलिस के अनुसार, 10 मई को पनसरेवां दुर्गावती नदी में दो सूटकेस से शव के टुकड़े बरामद किए गए थे। इसके बाद 12 मई की रात अभैदे नहर पुलिया के पास दो बोरियों में भी दो शवों के टुकड़े मिले। दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अब तक किसी भी शव की पहचान नहीं हो सकी है।
सिर कटे शवों ने बढ़ाई सनसनी
शवों की हालत इतनी भयावह थी कि इलाके के लोग सहम गए। पुलिस के मुताबिक, चारों व्यक्तियों की हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई और शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए। लगातार दो दिनों में इस तरह की वारदात सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
रामगढ़ थाना पुलिस शिनाख्त के साथ-साथ कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह मामला किसी संगठित गिरोह या आपसी दुश्मनी से तो जुड़ा नहीं है।
आम लोगों में बढ़ा डर
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से रामगढ़ और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच डर का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े घटनाक्रम के बाद इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि लोगों में भरोसा कायम रह सके।
12 मई को कैमूर में सूटकेस से मिले थे शव
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित पनसेरवां दुर्गावती नदी पुल के नीचे सूटकेस से बरामद दो शवों की पहचान 56 घंटे बाद भी नहीं हो सकी है। शव कई टुकड़ों में मिले थे, जिससे पुलिस की जांच और मुश्किल हो गई है। एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों शव प्रथम दृष्टया पुरुष के प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस यूपी और बिहार के कई जिलों के थानों से संपर्क कर गायब लोगों और ऐसी घटनाओं की जानकारी जुटा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को आशंका है कि मामला आपसी दुश्मनी, जमीन विवाद या पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश से जुड़ा हो सकता है। शवों के सिर गायब होने से पहचान में और परेशानी हो रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन दिन पहले ही नदी में दो सूटकेस दिखाई दिए थे। बदबू आने और शव के टुकड़े दिखने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी
रामगढ़ में सिर कटे शव मामले का जल्द होगा खुलासा, घटनास्थल पहुंचे डीआइजी
संवाद सूत्र, जागरण, रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र में चार सिर कटे शवों की बरामदगी के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को शाहाबाद क्षेत्र के डीआइजी डॉ. सत्यप्रकाश ने एसपी हरिमोहन शुक्ला के साथ घटनास्थलों का निरीक्षण किया। डीआइजी ने पनसेरवां दुर्गावती नदी पुल और अभैदे गांव के पास उस जगह का जायजा लिया, जहां सूटकेस और बोरे में शवों के टुकड़े मिले थे। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द मामले का उद्भेदन किया जाएगा। कैमूर एसपी ने सुराग देने वालों के लिए 50 हजार रुपये इनाम देने का प्रस्ताव भी भेजा है।
News Wani
