न्यूज़ वाणी ब्यूरो, शोएब खान
कैमूर (चैनपुर): कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित H A Nursing Institute & Study Centre में जीएनएम (GNM) एवं एएनएम (ANM) प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रथम बैच के छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमानिया के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सैय्यद वदूद रहे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में एआईएमआईएम कैमूर के जिला अध्यक्ष हनीफ खान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अन्नू गुप्ता (रेसलर), नुआंव-दुर्गावती ने कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा डॉ. पिंटू सहित कई गणमान्य लोग समारोह में मौजूद रहे।
संस्थान में पहले बैच के 15 से अधिक छात्र-छात्राएं जीएनएम एवं एएनएम का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। निशु कुमारी को प्रथम रैंक, राजू को द्वितीय रैंक तथा शिल्पा कुमारी को तृतीय रैंक प्राप्त करने पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा प्रशिक्षणार्थी संजना कुमारी, आसिया खातून, खुशी कुमारी और तन्नू खान सहित सभी छात्र-छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऑफिस असिस्टेंट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अतिथियों ने संस्थान के संचालक सैयद फैसल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।
संस्थान के संचालक सैयद फैसल ने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सेवा भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में बिउर निवासी सैयद फैसल का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि उन्होंने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ सभी अतिथियों का स्वागत किया, वह सराहनीय है। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा गया कि वे शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ें तथा मुल्क और समाज का नाम रोशन करें। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
News Wani
