फतेहपुर। नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले का परचम लहराने के लिए ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिसंबर में हरिद्वार में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप के तहत सेकेंड ताइक्वांडो कप स्टेट चैंपियनशिप के 5वें एकलव्य कप में फतेहपुर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल करने के उद्देश्य से खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा।
ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर की बैठक पटेल नगर स्थित नीलकंठ पैलेस में आयोजित हुई। बैठक में खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारा जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि टीम पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में उतरेगी। खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर हरिद्वार में जिले का नाम रोशन करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, एसोसिएशन के सचिव राजकुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को कड़ा प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल, अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सहसचिव भारत वर्मा, कोच शिवकुमार, रिचा राजपूत, मनीषा राजपूत, तनुज बाजपेई सहित ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
News Wani
