शुकुल बाजार, अमेठी। थाना बाजार शुक्ल क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। कस्बे के साप्ताहिक बाजार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर तक चोरों के सक्रिय होने से आमजन चिंता में हैं। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, ग्राम किश्ती नगर सुबेहा निवासी अरुण कुमार पुत्र रामनिवाज रविवार 2 अगस्त 2026 को शुकुल बाजार के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने आए थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी-41 बीए-9203) बाजार में खड़ी की थी। खरीदारी के बाद लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित ने थाना बाजार शुक्ल में लिखित तहरीर देकर वाहन बरामद करने की मांग की।
वहीं दूसरी घटना में ग्राम पूरे शुक्लन निवासी राम सुफल गौतम 28 जुलाई 2026 को अपने मरीज को रिक्शे से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार आए थे। मरीज को दिखाने के दौरान अस्पताल परिसर से उनका रिक्शा चोरी हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी रिक्शा नहीं मिलने पर उन्होंने भी थाना बाजार शुक्ल में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुकुल बाजार में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कभी मोबाइल चोरी होता है तो कभी मोटरसाइकिल या अन्य सामान गायब हो जाता है। लगातार बढ़ रही घटनाओं से व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने बाजार, अस्पताल परिसर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी की प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

News Wani