Breaking News

तेलियानी में खुले ट्रांसफार्मर से मंडरा रहा हादसे का खतरा, शिकायत पर बिजली विभाग ने सुरक्षा जाली का दिया भरोसा

फतेहपुर जिले के तेलियानी विकासखंड क्षेत्र में सड़क किनारे खुले में रखे बिजली के ट्रांसफार्मर स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। पत्थरकटा चौराहा, नगर पालिका कार्यालय और मुस्लिम इंटर कॉलेज जैसे घनी आबादी और भारी आवागमन वाले क्षेत्रों में ये ट्रांसफार्मर बिना किसी सुरक्षा जाली या घेरे के स्थापित हैं।

इन संवेदनशील क्षेत्रों से छात्रों और आम नागरिकों का भारी आवागमन होता है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय दुकानदारों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सुरक्षा उपायों की कमी के कारण पहले भी कई मवेशी खुले ट्रांसफार्मरों की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं।

गर्मी और बारिश के मौसम में इस समस्या की गंभीरता और बढ़ जाती है। अत्यधिक तापमान में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर अक्सर चिंगारी छोड़ते हैं, जिससे आग लगने या फटने का खतरा रहता है। वहीं, बारिश के मौसम में इनके आसपास करंट फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों की शिकायतों और संभावित खतरे को देखते हुए, बिजली विभाग ने अब इस समस्या का संज्ञान लिया है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने जल्द ही इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

अनिल वर्मा ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने पुष्टि की कि तेलियानी विकासखंड क्षेत्र के सभी खुले ट्रांसफार्मरों को तुरंत लोहे की जाली लगाकर सुरक्षित किया जाएगा। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए उन्होंने कार्यकारी अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

About NW-Editor

Check Also

51 क्षय रोगियों को बांटी गई पोषण सामग्री

– रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यक्रम में मरीजों को मिला पोषण का सहारा – मरीजों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *