Breaking News

फतेहपुर में एलपीजी सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान जमींदोज, 4 की मौत; 3 घायल

9

फतेहपुर में दर्दनाक हादसा

फतेहपुर के मलवां कस्बे में सोमवार शाम खाना बनाते समय घरेलू एलपीजी सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

विस्फोट के बाद मलबे में दबे लोग

हादसा शाम करीब पांच बजे फल एवं सब्जी विक्रेता सुरेश गुप्ता उर्फ चुन्नर के घर में हुआ। सिलेंडर में विस्फोट इतना तेज था कि पूरा दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। आसपास के मकानों पर भी इसका असर पड़ा।

 

विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। मलबा हटाकर सात लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

चार लोगों की इलाज के दौरान मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल कुणाल गुप्ता (18), अर्पित गुप्ता (15), वेद गुप्ता (8) और यश गुप्ता (4) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं आलोक गुप्ता (25) गंभीर रूप से झुलसे हैं और उनका इलाज चल रहा है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

 

विस्फोट के कारणों की जांच जारी

पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट बताई जा रही है, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

 

मुख्यमंत्री ने लिया घटना का संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत, मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रही थी मृतका

फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के कोराई मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *