फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री जनसेवक राजेश सिंह पटेल के जनपद भ्रमण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न मंडलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीति पर सवाल उठाए।
जनसभा को संबोधित करते हुए राजेश सिंह पटेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल को अधिक समर्थन मिलने के बावजूद जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने थे। ऐसे में कांग्रेस को वोट चोरी के मुद्दे पर सवाल उठाने से पहले अपने अतीत का भी जवाब देना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने परिवारवाद की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कई बार सत्ता में रही है, लेकिन परिवार से बाहर पीडीए वर्ग के किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया? उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को अपनी राजनीति और नीतियों पर भी जवाब देना चाहिए।
जनपद भ्रमण के दौरान राजेश सिंह पटेल का तेलियानी मंडल के सहिली में मंडल अध्यक्ष अरुण लोधी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसी तरह जहानाबाद मंडल में मंडल अध्यक्ष कमल और महामंत्री आदित्य पटेल, बिंदकी में मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह, बकेवर में देवमई मंडल की उपाध्यक्ष सुमन वर्मा एवं मंडल महामंत्री, जहानाबाद में युवा भाजपा नेता लोकेंद्र पटेल तथा अमौली मंडल में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान विभिन्न मंडलों के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और स्वागत का माहौल देखने को मिला।
News Wani
