Breaking News

मौसम का कहर: मध्यप्रदेश में सर्दी चरम पर, यूपी में कोल्ड-डे; कश्मीर में बर्फबारी

  • मध्यप्रदेश में पहली बार पारा 3 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
  • ग्वालियर समेत 18 शहरों में कोहरा, 20 ट्रेन हर दिन लेट
  • श्रीगंगानगर में बादल छाए रहे, साथ में हल्की धुंध भी रही
  • उत्तरकाशी-चमोली सहित 4 जिलों में बर्फबारी का अलर्ट

भोपाल/नई दिल्ली।  भारत के मध्य और उत्तरी हिस्सों में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत देश के 18 राज्यों में घने कोहरे के अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है। इस सर्दी सीजन पहली बार शनिवार को तापमान 3 डिग्री से नीचे पहुंच गया। शहडोल में 2.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में लगातार एक हफ्ते से तापमान 7 डिग्री से कम है। रविवार को ग्वालियर समेत 18 शहरों में कोहरा छाया रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में कोहरे के कारण 20 से ज्यादा ट्रेनें हर रोज 30 मिनट से 5 घंटे तक लेट हो रही है। भोपाल-इंदौर से फ्लाइट भी डिले हैं। रीवा में विजिबिलिटी इतनी कम है कि सुबह के समय 50 मीटर के बाद कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है।

यूपी-बिहार में कोल्ड-डे के हालात

यूपी और बिहार में कोल्ड-डे के हालात है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन और रात के समय एक जैसी सर्दी पड़ रही है। ज्यादातर शहरों में धूप के दर्शन ही नहीं हो रहे हैं। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह पड़ रही हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यूपी में शिमला और नैनीताल से ज्यादा सर्दी है। रविवार सुबह बरेली, कानपुर समेत कई शहरों का तापमान 7 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में सबसे कम, 6.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

गुलमर्ग में करीब दो इंच बर्फ जमी

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में करीब दो इंच बर्फ जमी है। सोनमर्ग में सुबह से बर्फबारी जारी है। कश्मीर में 40 दिनों के भीषण सर्दी का दौर, चिल्लई-कलां आज से शुरू हो गया है। चिल्लई-कलां हर साल 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक रहता है। इस दौरान सबसे ज्यादा बर्फबारी होती है।

राजस्थान : फतेहपुर में तापमान 5.4 डिग्री

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सिस्टम का असर रहेगा। इससे कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। इस सिस्टम से जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर में भी हल्के बादल छाए रहे। सुबह-शाम कोहरे और तेज सर्दी से मामूली राहत रही। दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। फतेहपुर और डूंगरपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज हुआ।

उत्तराखंड :छह जिलों में घना कोहरा

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों के दौरान तापमान में 9 डिग्री तक की गिरावट आई है। रात, राज्य का औसत तापमान 16 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 19 दिसंबर को तापमान 25 डिग्री था। रविवार को हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी के मैदानी इलाकों में 6 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा : आठ जिलों में कोहरे का अलर्ट

हरियाणा के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल, करनाल, नूंह और पानीपत में अधिकतम तापमान 7 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इन 7 शहरों में दिन भर कोल्ड डे की स्थिति रही। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना जताई है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

पंजाब : 12 फ्लाइट रद्द, हादसों में दो की मौत

पंजाब के अधिकतर शहरों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण मानसा के बुढ़लाडा में 2 युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण 12 फ्लाइट रद्द हुई। फाजिल्का में घने कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री आंका गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरे और सर्दी का असर जारी रहेगा।

About NW-Editor

Check Also

2029 में देशभर में एक साथ हो सकते हैं लोकसभा-विधानसभा चुनाव, 7 लाख करोड़ रुपये की बचत का दावा

देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की संभावना को लेकर चर्चा तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *