Breaking News

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बदायूं में ट्रैक्टर रेस का कहर, 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत

बदायूं। जनपद के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बरेली–मथुरा हाईवे पर रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों की चपेट में ई-रिक्शा आ जाने से दूल्हे की मां, बहन और परिवार की महिलाओं समेत कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं शादी से पहले शगुन देने और ‘भात मांगने’ के कार्यक्रम के लिए अपने रिश्तेदारों के घर जा रही थीं। इस दौरान ई-रिक्शा में ढोलक-मजीरा लेकर महिलाएं पारंपरिक रस्मों के साथ खुशी-खुशी निकली थीं, लेकिन रास्ते में यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि महिलाओं के शव सड़क पर बिखर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मृतकों की पहचान राजकुमारी (50), उनकी बेटी नारायणी (30), जेठानी रेवती (80), बहू गंगाश्री (30), सरला (32) और पड़ोस की महिला प्रेमावती (32) के रूप में हुई है। सभी महिलाएं एक ही परिवार से जुड़ी थीं और शादी की तैयारियों में शामिल थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर चालकों को वाहन सहित हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता व मुआवजे का आश्वासन दिया। प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

 

 

About NW-Editor

Check Also

Jeans-Top में भीख मांगती लड़कियां! वजह जान पुलिस भी रह गई दंग

  शुक्रवार दोपहर बरेली के आंवला क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *