Breaking News

14.5 करोड़ के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी

– नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
– बोर्ड की बैठक में भाग लेतीं चेयरमैन गीता सिंह व अन्य।
खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत खागा कार्यालय सभागार में बुधवार को बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। नगर पंचायत के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित बैठक में नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा राजस्व वृद्धि के लिए कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में करीब 14.5 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं पर मुहर लगाई गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्षा गीता सिंह ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय ने विभिन्न विकास योजनाओं का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस दौरान अश्वनी कुमार बाबू, संदीप सिंह सहित सभी वार्डों के सभासद उपस्थित रहे। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना 2026-27 के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से नगर की प्रमुख सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त नालियों के मरम्मत कार्य को भी मंजूरी दी गई, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत कार्यालय भवन की मरम्मत एवं रंगाई-पुताई का प्रस्ताव भी पारित किया गया। स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, सीवेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) स्थापित करने की कार्य योजना को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसे शासन स्तर पर मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए किशनपुर रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के समीप स्थित तालाब तथा वर्दी के पुरवा स्थित ऐतिहासिक तालाब के जीर्णाेद्धार एवं सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। दोनों तालाबों की विशेष सफाई कराकर उन्हें संरक्षित करने की योजना बनाई गई है। नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विज्ञापन कर लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय भी बैठक में लिया गया। अब नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक होर्डिंग, बैनर अथवा विज्ञापन बोर्ड लगाने से पूर्व निर्धारित शुल्क नगर पंचायत में जमा करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय एवं नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने सभी सभासदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन से नगर के विकास को नई गति मिलेगी और खागा की तस्वीर बदलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

About NW-Editor

Check Also

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

फतेहपुर। जनपद की तहसील खागा में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *