Breaking News

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री पर फिर ब्रेक, बढ़ी गर्मी-उमस; 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं।

छत्तीसगढ़ :  प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन बारिश का असर अब सीमित इलाकों तक सिमटता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान मुंगेली और कवर्धा समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। बारिश की कमी के चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई है और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में बदलाव की उम्मीद के बीच मानसून अभी भी प्रदेश की सीमा पर ठहरा हुआ है। राजधानी रायपुर और जगदलपुर सहित कई इलाकों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। इससे दिन के समय गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे ठंडी रात: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। वहीं मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और कवर्धा में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया सक्रिय सिस्टम का असर: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम राजस्थान से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक ऊपरी हवा में भी एक द्रोणिका बनी हुई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है।

आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना: मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। अनुमान है कि कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले दो दिनों तक भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है।

रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?: राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

गर्मी के बीच राहत की उम्मीद, लेकिन अभी करना होगा इंतजार: हालांकि मौसम प्रणाली सक्रिय बनी हुई है, लेकिन प्रदेशभर में व्यापक बारिश के लिए लोगों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। फिलहाल छिटपुट बारिश, तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के बीच मानसून की औपचारिक एंट्री पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

About NW-Editor

Check Also

भिलाई में बुलडोजर एक्शन, अवैध मदरसे को प्रशासन ने किया जमींदोज; अब गरीबों के लिए बनेंगे आवास।

भिलाई नगर पालिका ने अवैध कब्जों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई स्मृति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *