कोनाक्री: गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के भारी बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। शहर के सबसे बड़े लैंडफिल में जमा कचरे का विशाल ढेर अचानक धंस गया, जिससे आसपास बनी झोपड़ियां और कई घर मलबे में दब गए। हादसे में 30 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार देर रात करीब दो बजे से क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश का पानी कचरे के पहाड़ के ऊपर से बहने लगा, जिससे मलबे का ढेर अस्थिर होकर नीचे खिसक गया। देखते ही देखते आसपास का इलाका मलबे की चपेट में आ गया।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबा हटाने का काम शुरू किया। रेस्क्यू टीम दबे हुए लोगों की तलाश में जुटी है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में कई घर तबाह होने के साथ कुछ वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए।
लैंडफिल को बंद करने की थी तैयारी
यह हादसा दार एस सलाम के खुले कचरा डंप में हुआ, जिसे कोनाक्री का सबसे बड़ा लैंडफिल बताया जा रहा है। सैन्य इंजीनियरिंग बटालियन के सफाई अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्ड मामादो बैलो के अनुसार, इस लैंडफिल को रविवार को बंद किया जाना था।
लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही इलाका खाली करने का नोटिस दिया गया था। कई परिवार वहां से चले भी गए थे, लेकिन हादसे के वक्त कुछ लोग अब भी आसपास मौजूद थे।
बारिश में बढ़ जाता है कचरे के ढेर का खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बढ़ते कचरे के ढेर बारिश के दौरान बेहद खतरनाक हो सकते हैं। पानी कचरे के भीतर जमा होने से उसका वजन बढ़ जाता है और ढेर की स्थिरता कमजोर हो सकती है। ऐसे में भारी बारिश के दौरान लैंडफिल का हिस्सा अचानक खिसकने या धंसने का खतरा बढ़ जाता है।
अफ्रीका के कई तेजी से बढ़ते शहरों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था आबादी और कचरे की बढ़ती मात्रा के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। इसके चलते शहरों के बाहरी इलाकों में बड़े खुले कचरा डंप बन गए हैं। इन जगहों के आसपास अक्सर गरीब बस्तियां भी विकसित हो जाती हैं, जिससे हादसे की स्थिति में जान-माल का नुकसान ज्यादा होता है।
प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है गिनी
गिनी बॉक्साइट, लौह अयस्क, सोना और हीरे जैसे खनिज संसाधनों से समृद्ध देश है। इसके बावजूद देश की बड़ी आबादी गरीबी और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है। खनिज संसाधनों से होने वाली आय को रोजगार, बेहतर आवास, सड़क, पानी और अन्य सुविधाओं में बदलना देश के लिए अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
News Wani
